नैनीताल के जंगल में मौत का तांडव! हाथी से टकराई तेज रफ्तार बाइक, 2 युवकों की दर्दनाक मौत

उत्तराखंड के नैनीताल जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। टांडा के घने जंगलों के बीच शनिवार रात एक हाथी और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान शाकिल (26) और जाफर (28) के रूप में हुई है। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर के रहने वाले ये दोनों युवक हल्द्वानी के गफूर बस्ती में रहकर फेरी लगाने (हॉकरी) का काम करते थे।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार रात को रामपुर रोड पर हुआ जब ये दोनों हल्द्वानी से रुद्रपुर की ओर जा रहे थे। घने अंधेरे के कारण युवकों को सड़क पार कर रहा हाथी दिखाई नहीं दिया और उनकी बाइक सीधे हाथी से जा टकराई। हल्द्वानी के एसपी मनोज कात्याल ने बताया कि दुर्घटना के बाद पुलिस ने दोनों को लहूलुहान हालत में अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

तराई सेंट्रल डिवीजन के डीएफओ उमेश चंद्र तिवारी ने बताया कि जिस जगह हादसा हुआ, वह हाथियों के आने-जाने का रास्ता यानी ‘एलीफेंट कॉरिडोर’ है। राज्य में हाथियों की बढ़ती संख्या (1792) के कारण अब रिहायशी इलाकों और सड़कों पर हाथियों की आवाजाही बढ़ गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ होगा कि मौत टक्कर से हुई या हाथी के हमले से। इस घटना ने एक बार फिर जंगली रास्तों पर यात्रियों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *