खामेनेई की हत्या से दहला कश्मीर! श्रीनगर में हजारों का हुजूम, इंटरनेट सेवा बंद और स्कूल-कॉलेज में छुट्टी

मध्य पूर्व में जारी तनाव और ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या की खबर के बाद कश्मीर घाटी में जबरदस्त विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। रविवार को श्रीनगर सहित घाटी के कई हिस्सों में हजारों लोग सड़कों पर उतर आए और खामेनेई की मौत के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। बिगड़ते हालात को देखते हुए प्रशासन ने श्रीनगर में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी हैं और अगले दो दिनों के लिए सभी स्कूल-कॉलेजों को बंद रखने का आदेश दिया गया है।

श्रीनगर की सड़कों पर निकले प्रदर्शनकारियों ने संयुक्त राष्ट्र सैन्य पर्यवेक्षक समूह (UNMOGIP) के कार्यालय के बाहर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों के निशाने पर मुख्य रूप से अमेरिका और इजरायल थे। हाथों में खामेनेई की तस्वीरें और काले झंडे लिए महिलाओं और बच्चों ने भी इस विशाल शोक मार्च में हिस्सा लिया। शहर के लाल चौक इलाके में भारी भीड़ जमा होने के कारण स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई है।

शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जम्मू-कश्मीर के डीजीपी नलिन प्रभात खुद सड़कों पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। हालांकि, अभी तक किसी बड़ी हिंसा की खबर नहीं है, लेकिन एहतियातन सुरक्षा बलों की भारी तैनाती की गई है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि सरकार ईरान में फंसे कश्मीरी छात्रों की सुरक्षा को लेकर विदेश मंत्रालय के संपर्क में है। कश्मीर और लद्दाख के शिया समुदाय के बीच खामेनेई की लोकप्रियता को देखते हुए यह विरोध प्रदर्शन आने वाले दिनों में और तेज हो सकता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *