ट्रेन यात्रियों के लिए बड़ी खबर! आज से बंद हुआ UTS ऐप, अब इस नए ऐप से बुक होगी टिकट

भारतीय रेलवे ने 1 मार्च, 2026 से अपनी टिकट बुकिंग प्रणाली में एक बड़ा बदलाव लागू किया है। अब मोबाइल पर अनारक्षित टिकट बुक करने के लिए इस्तेमाल होने वाला ‘UTS ऐप’ पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। इसके स्थान पर रेलवे ने ‘RailOne’ (रेलवान) ऐप को लॉन्च किया है, जो यात्रियों के लिए टिकट बुकिंग का एकमात्र डिजिटल जरिया होगा।
RailOne ऐप की खासियतें: सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम्स (CRIS) के अनुसार, RailOne ऐप को यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अधिक आधुनिक बनाया गया है। इसमें न केवल लोकल ट्रेन की टिकटें बुक की जा सकेंगी, बल्कि एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों की रिजर्वेशन सुविधा भी उपलब्ध होगी। साथ ही, प्लेटफॉर्म टिकट भी इसी ऐप से लिया जा सकेगा।
यात्रियों को अब अलग-अलग ऐप रखने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि RailOne में लाइव ट्रेन ट्रैकिंग, PNR स्टेटस, कोच पोजीशन और प्लेटफॉर्म नंबर की जानकारी एक साथ मिलेगी। इसके अलावा, यात्री सफर के दौरान इसी ऐप से खाना भी ऑर्डर कर सकते हैं। सुरक्षा और शिकायतों के लिए इसमें ‘रेल मदद’ (RailMadad) का विकल्प भी दिया गया है।
वॉलेट बैलेंस का क्या होगा? CRIS ने स्पष्ट किया है कि जिन यात्रियों के पुराने UTS R-Wallet में पैसे बचे हैं, वे सुरक्षित हैं। RailOne ऐप में उसी मोबाइल नंबर से रजिस्टर करने पर आपका पूरा बैलेंस अपने आप नए ऐप में ट्रांसफर हो जाएगा। यह ऐप गूगल प्ले स्टोर और ऐपल ऐप स्टोर पर मुफ्त में उपलब्ध है और इसमें कई भारतीय भाषाओं का विकल्प भी दिया गया है।