मुर्गी पहनती है डायपर! कॉलेज हो या मार्केट, हर जगह अपनी मुर्गी ‘सैटरडे’ के साथ जाती हैं यह प्रोफेसर

कुत्ते और बिल्लियों को पालतू जानवर के रूप में देखना आम बात है, लेकिन कनाडा की एक प्रोफेसर ने अपनी पालतू मुर्गी के साथ जो रिश्ता कायम किया है, उसने दुनिया को हैरान कर दिया है। नॉर्दर्न ब्रिटिश कोलंबिया विश्वविद्यालय की साइकोलॉजी प्रोफेसर सोनिया कोंग जहां भी जाती हैं, उनकी मुर्गी ‘सैटरडे’ (Saturday) उनके साथ होती है। शनिवार के दिन एक फार्म से गोद लेने के कारण उन्होंने इसका नाम ‘सैटरडे’ रखा है।
सार्वजनिक स्थानों पर मुर्गी के साथ घूमने में सबसे बड़ी समस्या सफाई की होती है। इस समस्या का समाधान प्रोफेसर सोनिया ने एक खास ‘बर्ड डायपर’ के जरिए निकाला है। वह अपनी मुर्गी को रंगीन डायपर पहनाकर क्लासरूम से लेकर शॉपिंग मॉल तक ले जाती हैं। सोनिया का दावा है कि उनकी मुर्गी उनके हर सुख-दुख को समझती है। जब भी सोनिया दुखी होकर रोती हैं, सैटरडे चुपचाप उनके सामने आकर बैठ जाती है और उन्हें इस तरह देखती है जैसे उनका दर्द बांटने की कोशिश कर रही हो।
प्रोफेसर सोनिया कोंग केवल शौक के लिए ही नहीं, बल्कि एक वैज्ञानिक शोध के तहत भी सैटरडे के साथ समय बिताती हैं। वह इस विषय पर शोध कर रही हैं कि इंसानों और उनके पालतू जानवरों के बीच का गहरा रिश्ता किस तरह मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और जीवन को खुशहाल बनाने में मदद करता है। ‘न्यूयॉर्क पोस्ट’ में इस खबर के छपने के बाद लोग इस अनोखी दोस्ती के कायल हो गए हैं।