बेटे के १० लाख रुपये से पिता ने रचाई दूसरी शादी! १० साल के मासूम ने कोर्ट में घसीटा, चीन का हैरान करने वाला मामला

चीन से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पिता-पुत्र के पवित्र रिश्ते पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक १० साल के लड़के ने अपने ही पिता के खिलाफ अदालत में केस दर्ज कराया है, क्योंकि उसके पिता ने उसकी जीवन भर की जमापूंजी चोरी छिपे अपनी दूसरी शादी में खर्च कर दी थी। यह चौंकाने वाली खबर ‘साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट’ द्वारा प्रकाशित की गई है।

चीन में नए साल पर बड़ों द्वारा बच्चों को लाल लिफाफे में पैसे देने की पुरानी परंपरा है, जिसे ‘लकी मनी’ कहा जाता है। इस बालक ने बचपन से मिले इन पैसों को जोड़कर ८२,७५० युआन (लगभग १० लाख भारतीय रुपये) जमा किए थे। चूंकि लड़का नाबालिग था, इसलिए उसके पिता ने एक बैंक खाते में यह राशि जमा की थी, जिसका नियंत्रण पिता के पास ही था। माता-पिता के तलाक के बाद जब बच्चा अपनी मां के साथ रहने लगा, तब पता चला कि उसका बैंक खाता पूरी तरह खाली है।

अदालत में यह साबित हुआ कि पिता ने बेटे के भविष्य के लिए रखे गए उन पैसों को अपनी दूसरी शादी की चमक-धमक में उड़ा दिया। जब बेटे ने अपने पैसे वापस मांगे और पिता मुकर गया, तो १० साल के इस बहादुर बच्चे ने सीधे कानून का दरवाजा खटखटाया। चीन की अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पिता को फटकार लगाई और आदेश दिया कि वह बेटे की पूरी रकम ब्याज सहित तुरंत वापस करे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *