बंगाल में चुनाव की आहट! आज निर्वाचन आयोग की मैराथन बैठक, ६० लाख वोटरों के भविष्य पर सस्पेंस

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) का काम पूरा होने के बाद आज भारतीय निर्वाचन आयोग (ECI) राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) के साथ वर्चुअल बैठक करने जा रहा है। पहले यह बैठक दो दिनों की होनी थी, लेकिन होली के त्योहार को देखते हुए इसे आज एक ही दिन में पूरा किया जाएगा। दोपहर २ बजे से शाम ६ बजे तक चलने वाली इस मैराथन बैठक में राज्य के शीर्ष प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी शामिल होंगे।
सूत्रों के मुताबिक, राज्य में पहले ही केंद्रीय बलों की ४८० कंपनियां पहुंच चुकी हैं और आज से ही जिलों में उनका फ्लैग मार्च शुरू हो जाएगा। बैठक में संवेदनशील बूथों की पहचान, सुरक्षा बलों की तैनाती और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर गंभीर चर्चा होगी। आयोग के वरिष्ठ अधिकारी इस दौरान पुलिस नोडल अधिकारियों के साथ सुरक्षा ब्लूप्रिंट पर अंतिम मुहर लगा सकते हैं।
इस बीच, मतदाता सूची को लेकर एक बड़ा विवाद सामने आया है। शनिवार को जारी अंतिम सूची में लगभग ६० लाख ६ हजार ६७५ मतदाताओं के नाम अभी भी ‘विचाराधीन’ (Pending) रखे गए हैं। उनके दस्तावेजों में विसंगतियों के कारण अभी तक फैसला नहीं हो पाया है। इतनी बड़ी संख्या में मतदाताओं का भविष्य क्या होगा, इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज है। आज की बैठक में इस मुद्दे पर आयोग की ओर से कोई बड़ी घोषणा हो सकती है।