पाकिस्तानी एयरबेस पर तालिबान का बड़ा ड्रोन हमला! रावलपिंडी के ‘नूर खान’ बेस को बनाया निशाना

मध्य पूर्व के साथ-साथ अब दक्षिण एशिया में भी युद्ध की लपटें तेज हो गई हैं। अफगानिस्तान के तालिबान प्रशासन ने दावा किया है कि उन्होंने रविवार देर रात पाकिस्तान के रावलपिंडी स्थित सामरिक रूप से महत्वपूर्ण ‘नूर खान’ एयरबेस पर सफल ड्रोन हमला किया है। अफगान रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह कार्रवाई पाकिस्तान द्वारा किए जा रहे लगातार हवाई हमलों का जवाब है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर हमले का वीडियो साझा करते हुए तालिबान ने कहा कि भविष्य में भी किसी भी पाकिस्तानी उकसावे का ऐसा ही कड़ा जवाब दिया जाएगा। नूर खान बेस इस्लामाबाद से महज २५ किलोमीटर दूर है, जो पहले भी ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान क्षतिग्रस्त हो चुका था। शुक्रवार को पाकिस्तान द्वारा युद्ध की आधिकारिक घोषणा के बाद से दोनों देशों के बीच संघर्ष हिंसक हो चुका है, जिसमें भारी जनहानि की आशंका जताई जा रही है।