2026 के नतीजों से तय होगा केंद्र का भाग्य! अभिषेक बनर्जी ने कार्यकर्ताओं को दिया ‘मिशन 50’ का लक्ष्य

विधानसभा चुनाव 2026 की तैयारियों के बीच तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने बीजेपी को खुली चुनौती दी है। सोमवार को ‘तपशिलिर संवाद’ (दलित संवाद) कार्यक्रम के दौरान अभिषेक ने दावा किया कि अगर आगामी चुनाव में बंगाल में बीजेपी की सीटों की संख्या 50 से नीचे आ जाती है, तो इसका सीधा असर केंद्र की सत्ता पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में 2029 के लोकसभा चुनाव का इंतजार नहीं करना पड़ेगा और केंद्र की सरकार समय से पहले गिर जाएगी।
केंद्र की स्थिरता पर उठाए सवाल अभिषेक ने संगठकों को संबोधित करते हुए कहा कि बंगाल में बीजेपी की करारी हार दिल्ली में उनके गठबंधन के सहयोगियों के बीच डर पैदा करेगी, जिससे केंद्र सरकार अस्थिर हो जाएगी। उन्होंने बीजेपी की ‘परिवर्तन यात्रा’ पर तंज कसते हुए कहा कि जिन राज्यों में बीजेपी की सरकार है, वहां दलितों पर अत्याचार हो रहे हैं, इसलिए उन्हें बंगाल के बारे में बात करने का कोई नैतिक हक नहीं है।