ईरान-इजरायल युद्ध के बीच फंसी १२- भारतीयों की जान! दुबई में फंसे जोधपुर के तीर्थयात्री, मोदी सरकार से मदद की गुहार

ईरान और इजरायल के बीच छिड़ी भीषण जंग ने अब निर्दोष भारतीय नागरिकों के लिए भी मुसीबत खड़ी कर दी है। राजस्थान के जोधपुर से दुबई गए करीब १२० तीर्थयात्री वर्तमान में युद्ध की विभीषिका के कारण वहां फंस गए हैं। अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द होने और सुरक्षा कारणों से हवाई मार्ग बंद होने के कारण ये श्रद्धालु स्वदेश नहीं लौट पा रहे हैं। इस संकट की घड़ी में संत अमृतराम महाराज ने एक भावुक वीडियो संदेश जारी कर भारत सरकार से तत्काल सहायता और सुरक्षित निकासी की अपील की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जोधपुर के सूरसागर स्थित रामद्वारा के संत अमृतराम महाराज और संत रामप्रसाद महाराज के नेतृत्व में श्रद्धालुओं का यह दल २३ फरवरी को दुबई के लिए रवाना हुआ था। वहां ‘सेवन सीज’ होटल में २४ से २८ फरवरी तक ‘श्री राम कथा’ का भव्य आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में मांडोर और सूरसागर क्षेत्र के माली समाज के लगभग १०० सदस्यों सहित कुल १२० लोग शामिल हुए थे। २८ फरवरी को कथा संपन्न होने के बाद जब ये सभी भक्त शुक्रवार को दुबई एयरपोर्ट पहुंचे, तो उन्हें सुरक्षा कारणों से आगे बढ़ने से रोक दिया गया।

ईरान-इजरायल संघर्ष के चलते आसमान में मंडराते खतरों को देखते हुए दुबई और अबू धाबी से भारत की उड़ानें अचानक रद्द कर दी गईं। संत अमृतराम महाराज ने बताया कि अचानक हुए हमलों के बाद पूरी व्यवस्था चरमरा गई है। उन्होंने कहा, “ज्यादातर भक्त सीमित बजट के साथ आए थे। अब होटलों का किराया आसमान छू रहा है और लोगों के पास पैसे खत्म हो रहे हैं। मानसिक और आर्थिक दबाव के कारण श्रद्धालुओं की हालत बिगड़ रही है।”

दुबई में स्थानीय परिचितों के सहयोग से फिलहाल भोजन की व्यवस्था तो की गई है, लेकिन घर वापसी का कोई रास्ता नजर नहीं आ रहा है। जोधपुर में रह रहे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। संतों ने केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय से गुहार लगाई है कि वे इस मामले में हस्तक्षेप करें और युद्ध क्षेत्र के करीब फंसे इन भारतीय नागरिकों को विशेष विमान के जरिए सुरक्षित भारत लाने का प्रबंध करें।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *