‘यह सिर्फ पैसों का नहीं, ईगो का मामला है!’ 9 करोड़ के कर्ज पर राजपाल यादव का बड़ा बयान

अपनी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग से दुनिया को हंसाने वाले राजपाल यादव इन दिनों कानूनी मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। 9 करोड़ रुपये के लोन और चेक बाउंस मामले में अभिनेता ने हैदराबाद में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपनी बात रखी। राजपाल ने कहा कि यह कानूनी लड़ाई अब केवल वित्तीय लेन-देन नहीं रह गई है, बल्कि यह एक ‘ईगो क्लैश’ (अहंकार की लड़ाई) में बदल गई है।
राजपाल यादव ने साल 2012 में अपनी फिल्म ‘आता पता लापता’ के लिए दिल्ली के एक बिजनेसमैन से 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। फिल्म फ्लॉप हो गई और समय के साथ ब्याज बढ़ते-बढ़ते यह राशि 9 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। इस मामले में उनके 7 चेक बाउंस हुए, जिसके बाद मामला दिल्ली हाई कोर्ट पहुंचा। कोर्ट के आदेश पर राजपाल यादव को तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण करना पड़ा और कुछ समय वहां बिताना पड़ा। फिलहाल वे अंतरिम जमानत पर बाहर हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजपाल ने कहा, “मैंने भरोसे पर लोन लिया था और मेरा मकसद किसी को धोखा देना नहीं था। मैं कानून का सम्मान करता हूं और पैसे चुकाने को तैयार हूं, लेकिन आपसी गलतफहमी ने इसे और जटिल बना दिया है।” जब वह बोल रहे थे, तब उनके वकील के दखल से साफ जाहिर हुआ कि मामला अभी भी काफी संवेदनशील है।
इतने बड़े विवाद के बावजूद राजपाल यादव ने हार नहीं मानी है। उन्होंने कहा कि उनका पूरा ध्यान अब अपने करियर और आने वाली फिल्मों पर है। उनके पास कई नए प्रोजेक्ट्स हैं और उन्हें उम्मीद है कि उनके फैंस का प्यार उन्हें इस मुश्किल घड़ी से बाहर निकालने में मदद करेगा।