शादी के जश्न के बीच विजय देवरकोंडा-रश्मिका का नेक काम! हजारों छात्रों की पढ़ाई का उठाया जिम्मा

उदयपुर की शाही शादी की तस्वीरें अभी सोशल मीडिया पर छाई ही थीं कि विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना ने अपनी दरियादिली से सबका दिल जीत लिया। सोमवार को हैदराबाद में अपने नए घर के गृह प्रवेश और पैतृक गांव में सत्यनारायण पूजा के दौरान इस पावर कपल ने एक ऐसी घोषणा की, जिसकी हर तरफ तारीफ हो रही है। विजय और रश्मिका ने तेलंगाना के नागाकुरनूल जिले के 44 सरकारी स्कूलों के नौवीं और दसवीं कक्षा के छात्रों के लिए विशेष स्कॉलरशिप की घोषणा की है।
विजये की संस्था ‘देवरकोंडा चैरिटेबल ट्रस्ट’ के माध्यम से हजारों छात्रों की शिक्षा का खर्च अब यह कपल उठाएगा। इस घोषणा के वक्त रश्मिका काफी भावुक नजर आईं और उन्होंने तालियों के साथ विजय के इस फैसले का स्वागत किया। विजय ने गांव वालों से बात करते हुए कहा कि वे अपनी जड़ों से जुड़े रहना चाहते हैं और अब से वे और रश्मिका अक्सर गांव आकर समय बिताएंगे।
वहीं दूसरी ओर, 4 मार्च को हैदराबाद में होने वाले ग्रैंड रिसेप्शन की तैयारियां जोरों पर हैं। इस पार्टी में बॉलीवुड और साउथ फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज सितारों के साथ-साथ कई बड़े राजनेता भी शामिल होंगे। मेहमानों की भारी भीड़ और सितारों की सुरक्षा को देखते हुए हैदराबाद ट्रैफिक पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं। चकाचौंध से भरी इस शादी के बीच विजय और रश्मिका के इस मानवीय कार्य ने साबित कर दिया कि वे न केवल पर्दे पर, बल्कि असल जिंदगी में भी ‘आइडियल कपल’ हैं।