भवानीपुर में शुभेंदु का ‘होली’ धमाका! 47 हजार वोट कटे, ममता की कुर्सी पर बढ़ा खतरा?

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 से पहले कोलकाता की सबसे हाई-प्रोफाइल सीट ‘भवानीपुर’ में सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। मंगलवार को होली के अवसर पर राज्य के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर के हिंदू बहुल इलाकों में पदयात्रा की और मतदाताओं से सीधा संवाद किया। शुभेंदु ने साफ संकेत दिया कि इस बार भवानीपुर में ममता बनर्जी की राह आसान नहीं होने वाली है।
विवाद का मुख्य कारण चुनाव आयोग द्वारा जारी नई वोटर लिस्ट है। स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के बाद भवानीपुर से लगभग 47,000 वोटरों के नाम हटा दिए गए हैं, जबकि 14,000 से अधिक नाम अभी भी जांच के घेरे में हैं। शुभेंदु अधिकारी ने इस पर तंज कसते हुए कहा, “आयोग ने फर्जी वोटरों का सफाया कर दिया है। अब भवानीपुर में ममता को जिताने वाले ‘मैनेज्ड’ वोटर नहीं बचे हैं।”
वहीं, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा और चुनाव आयोग पर मिलीभगत का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, “भाजपा ने जानबूझकर तृणमूल समर्थकों के नाम सूची से हटवाए हैं। लेकिन मुझे अपनी जनता पर भरोसा है। अगर एक भी असली वोटर लिस्ट में बचेगा, तो भी मैं भवानीपुर से जीतकर दिखाऊंगी।”
होली के दिन शुभेंदु की इस पदयात्रा और उसमें उमड़ी भारी भीड़ ने यह साफ कर दिया है कि भाजपा अब मुख्यमंत्री के इस किले को भेदने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है। ममता बनाम शुभेंदु की यह जंग अब सीधे भवानीपुर की सड़कों पर उतर आई है, जिससे आने वाले चुनाव के परिणाम और भी रोमांचक होने की उम्मीद है।