बेरोजगार युवाओं के खाते में आएंगे 1500 रुपये! ‘युवसाथी’ योजना को लेकर आया बड़ा अपडेट

पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार ने चुनावों से ठीक पहले राज्य के बेरोजगार युवाओं के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर दी है। ‘युवसाथी’ योजना (Yuvasathi Scheme) के तहत अब युवाओं को हर महीने 1500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। आधिकारिक घोषणा के अनुसार, 1 अप्रैल से पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में पैसा आना शुरू हो जाएगा। हालांकि, आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब लाखों युवाओं के मन में यह सवाल है कि उनके आवेदन की वर्तमान स्थिति (Status) क्या है।
कैसे चेक करें अपना स्टेटस? राज्य में अब तक करीब 84 लाख आवेदन जमा हुए हैं, जिनमें से 65 लाख ऑफलाइन शिविरों के माध्यम से और 19 लाख ऑनलाइन पोर्टल के जरिए आए हैं। ऑनलाइन आवेदन करने वाले युवा ‘बांग्ला युवसाथी’ पोर्टल पर लॉग-इन करके अपना स्टेटस देख सकते हैं। मोबाइल नंबर और ओटीपी डालने के बाद यदि 25 अंकों का रजिस्ट्रेशन नंबर दिखाई देता है, तो इसका मतलब है कि आपका आवेदन प्रक्रिया में है। ऑफलाइन आवेदकों के लिए कुछ तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं, जिसे जल्द ही ठीक करने का आश्वासन दिया गया है।
आवेदन में गलती हो तो क्या करें? यदि स्टेटस में ‘ऑब्जेक्शन’ या ‘डिस्प्यूट’ दिख रहा है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। भविष्य में ब्लॉक कार्यालयों में जाकर या पोर्टल पर ‘एडिट’ विकल्प शुरू होने पर इसे सुधारने का मौका मिलेगा। वित्त राज्य मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने बजट में इस योजना की घोषणा की थी, जिसका उद्देश्य 21 से 40 वर्ष की आयु के बेरोजगार युवाओं को सहारा देना है। अब सबकी निगाहें 1 अप्रैल की तारीख पर टिकी हैं, जब इस योजना की पहली किस्त जारी की जाएगी।