कोलकाता के प्ले-स्कूल में क्रूरता! बच्चे को बॉक्स में किया बंद, CCTV फुटेज देख कांप उठे माता-पिता

कोलकाता के बिधाननगर नॉर्थ थाना क्षेत्र से एक प्ले-स्कूल की शर्मनाक हरकत सामने आई है। एक अभिभावक पल्लवी घोष ने आरोप लगाया है कि उनके बच्चे को स्कूल के भीतर एक बॉक्स में बंद करके प्रताड़ित किया गया। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
पल्लवी के अनुसार, 20 फरवरी को जब बच्चा स्कूल से घर लौटा, तो वह बुरी तरह डरा हुआ था और लगातार रो रहा था। जब अगले दिन स्कूल जाकर सीसीटीवी की जांच की गई, तो देखा गया कि बच्चे को एक कमरे में ले जाकर एक बॉक्स के अंदर बंद कर दिया गया था।
पुलिस की कार्रवाई: शिकायत में कहा गया है कि जिस समय यह घटना हुई, वहां दो शिक्षक मौजूद थे, लेकिन उन्होंने बच्चे को बचाने की कोशिश नहीं की। स्कूल प्रशासन की ओर से कोई संतोषजनक जवाब न मिलने पर 27 फरवरी को बिधाननगर नॉर्थ थाने में मामला दर्ज कराया गया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की गहराई से जांच कर रही है।