आसमान में गुलाल, जमीन पर पहरा! कोलकाता में सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम, चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर

रंगों के त्योहार होली और दोल उत्सव के दौरान शांति बनाए रखने के लिए कोलकाता पुलिस ने कमर कस ली है। लालबाजार (पुलिस मुख्यालय) के निर्देशानुसार, शहर में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए करीब 4000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। मंगलवार और बुधवार को पूरे शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
सुरक्षा के खास इंतजाम: शहरभर में 400 से ज्यादा पुलिस पिकेट बनाए गए हैं। चलती गाड़ियों से रंग फेंकने, छतों से गुब्बारे मारने या जबरदस्ती रंग लगाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शराब पीकर वाहन चलाने वालों और महिलाओं से छेड़छाड़ करने वालों पर नजर रखने के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं। 62 पीसीआर वैन और क्विक रिस्पांस टीमें (QRT) सड़कों पर गश्त कर रही हैं।
नदियों और घाटों पर पहरा: गंगा के 66 घाटों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है, जिसमें से 24 मुख्य घाटों पर आपदा प्रबंधन टीम (DMG) तैनात है। रिवर ट्रैफिक पुलिस चार स्पीड बोट के जरिए पानी में गश्त कर रही है ताकि कोई नशे की हालत में नदी में न डूबे। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे बेजुबान जानवरों पर रंग न डालें।