दलाल स्ट्रीट पर मचेगा हाहाकार! बुधवार को औंधे मुंह गिर सकता है शेयर बाजार, ६०० अंकों की गिरावट के संकेत

होली की छुट्टियों के बाद बुधवार को जब भारतीय शेयर बाजार खुलेगा, तो निवेशकों के लिए स्थितियां काफी चुनौतीपूर्ण हो सकती हैं। पश्चिम एशिया में गहराते युद्ध के बाद वैश्विक बाजारों में मची भगदड़ का सीधा असर दलाल स्ट्रीट पर दिखने वाला है। ‘गिफ्ट निफ्टी’ (Gift Nifty) के संकेतों के अनुसार, बुधवार सुबह सेंसेक्स और निफ्टी एक बड़े ‘गैप-डाउन’ यानी भारी गिरावट के साथ शुरुआत कर सकते हैं।
मंगलवार दोपहर को गिफ्ट निफ्टी लगभग ६३२ अंक या २.५३% गिरकर २४,३६० के स्तर पर कारोबार कर रहा था। ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव ने कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में आग लगा दी है। ब्रेंट क्रूड ८० डॉलर प्रति बैरल को पार कर गया है। हॉर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की ईरान की धमकी ने वैश्विक ईंधन सुरक्षा पर संकट खड़ा कर दिया है, जिससे पूरी दुनिया के निवेशक डरे हुए हैं।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों की हालत भी खस्ता है। दक्षिण कोरिया का ‘कोस्पी’ ७.२% गिर गया है, जो २०२४ के बाद की सबसे बड़ी गिरावट है। जापान का ‘निक्केई’ ३% और हांगकांग का ‘हेंग सेंग’ १% नीचे है। भारत का ‘फियर इंडेक्स’ (India VIX) भी २५% बढ़कर १७.१३ पर पहुंच गया है, जो पिछले ९ महीनों का उच्चतम स्तर है।
तकनीकी विशेषज्ञों का मानना है कि निफ्टी के लिए २४,६०० का स्तर बेहद महत्वपूर्ण सपोर्ट है। यदि बाजार इसके नीचे टिकता है, तो गिरावट २४,३०० तक जा सकती है। दूसरी ओर, सुधार की स्थिति में २५,००० का स्तर बड़ी बाधा साबित होगा। तेल की बढ़ती कीमतें भारत में महंगाई बढ़ा सकती हैं, जिससे कंपनियों के प्रॉफिट मार्जिन पर असर पड़ेगा। फिलहाल, निवेशक ‘रिस्क-ऑफ’ मोड में हैं और शेयर बाजार से पैसा निकालकर सुरक्षित ठिकानों की तलाश कर रहे हैं।