हॉर्मुज जलडमरूमध्य में फंसे ७०० जहाज, ईरान की खुली धमकी! क्या भारत में खत्म हो जाएगी रसोई गैस?

पश्चिम एशिया में छिड़ी जंग अब वैश्विक व्यापार के लिए काल बन गई है। ईरान ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को बंद करने का ऐलान करते हुए चेतावनी दी है कि इस रास्ते से गुजरने वाले किसी भी जहाज को फूंक दिया जाएगा। इस तनाव के बीच समुद्र के दोनों ओर ७०६ तेल टैंकर और मालवाहक जहाज फंस गए हैं। शिपिंग डेटा के अनुसार, सामान्य रूप से होने वाली सप्लाई में ८६ प्रतिशत की भारी गिरावट दर्ज की गई है।

भारत के लिए सबसे बड़ी चुनौती रसोई गैस (LPG) को लेकर खड़ी हो गई है। भारत अपनी जरूरत का ८०-८५ प्रतिशत एलपीजी आयात करता है, जिसका बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से आता है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर नए टैंकर भारत नहीं पहुंचे, तो देश में मौजूद एलपीजी का स्टॉक केवल दो सप्ताह तक ही चल पाएगा। हालांकि, पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भरोसा दिलाया है कि रणनीतिक भंडार और बंदरगाहों पर मौजूद तेल को मिलाकर देश के पास ७४ दिनों का बैकअप है।

वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतें १० प्रतिशत बढ़कर ८० डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई हैं। सऊदी अरब और कतर के गैस प्लांट पर हमलों के बाद यूरोप में गैस की कीमतें ४० प्रतिशत तक उछल गई हैं। इस आपात स्थिति से निपटने के लिए भारत सरकार पेट्रोल-डीजल के निर्यात पर रोक लगाकर घरेलू आपूर्ति सुनिश्चित करने और रूस से कच्चे तेल का आयात बढ़ाने पर विचार कर रही है। यदि युद्ध लंबा खिंचता है, तो एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग पर भी नियंत्रण लगाया जा सकता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *