होली के रंगों में घुला दर्द! अग्निमित्रा पॉल बोलीं- “बंगाल से शालीनता खो गई है, अब बस शांति चाहिए

होली और डोल पूर्णिमा के अवसर पर जहां पूरा बंगाल रंगों में डूबा है, वहीं आसनसोल दक्षिण की भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल ने एक गंभीर सामाजिक संदेश दिया है। बर्नपुर की सड़कों पर आयोजित एक रंगारंग शोभायात्रा में शामिल होते हुए उन्होंने कहा कि विकास की बहस से पहले राज्य में शांति का होना सबसे ज्यादा जरूरी है।
शांति की अपील और तीखा हमला: अग्निमित्रा ने बिना किसी पार्टी झंडे के स्टेशन रोड से त्रिवेणी मोड़ तक पैदल मार्च किया। बसंत के गीतों के बीच उन्होंने राज्य की कानून व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा, “विचारधारा की लड़ाई अपनी जगह है, लेकिन बदले की भावना में महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करना या घर जला देना बंगाल की संस्कृति नहीं है। मैं उस पुराने शांत बंगाल को वापस देखना चाहती हूं।”
मूल्यों में गिरावट पर चिंता: विधायक ने समाज में बढ़ती कड़वाहट पर दुख जताते हुए कहा कि आज राजनीतिक मतभेद इतने बढ़ गए हैं कि लोग एक-दूसरे का सम्मान करना भूल गए हैं। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि महिलाओं के सम्मान का सौदा किया जा रहा है, जो बेहद शर्मनाक है। होली के इस पावन मौके पर उन्होंने सभी से मानवीय मूल्यों को बचाए रखने और शांति बनाए रखने की अपील की।