T20 World Cup 2026: भारत बनाम इंग्लैंड सेमीफाइनल के लिए अंपायरों की घोषणा, आईसीसी ने जारी की आधिकारिक लिस्ट

टी-20 वर्ल्ड कप अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। सेमीफाइनल की चार टीमें—भारत, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड पूरी तरह तैयार हैं। 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले दूसरे सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला इंग्लैंड से होगा। इस हाई-वोल्टेज मैच को लेकर आईसीसी ने मैच अधिकारियों की सूची जारी कर दी है, जिसमें कुछ दिलचस्प नाम सामने आए हैं।
क्रिस गफानी संभालेंगे कमान भारत और इंग्लैंड के मैच में ऑन-फील्ड अंपायर की जिम्मेदारी न्यूजीलैंड के क्रिस गफानी और दक्षिण अफ्रीका के अल्लाहउद्दीन पालेकर को सौंपी गई है। गफानी के लिए यह टूर्नामेंट काफी व्यस्त रहा है, क्योंकि उन्होंने भारत के पिछले दो सुपर-8 मैचों (दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के खिलाफ) में भी अंपायरिंग की थी। थर्ड अंपायर एड्रियन होल्डस्टॉक होंगे, जबकि जिम्बाब्वे के एंडी पाइक्रॉफ्ट मैच रेफरी की भूमिका निभाएंगे।
ईडन गार्डन में दक्षिण अफ्रीका बनाम न्यूजीलैंड इससे पहले 4 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन में पहले सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड भिड़ेंगे। इस मैच में रिचर्ड इलिंगवर्थ और एलेक्स व्हार्फ ऑन-फील्ड अंपायर होंगे। भारत के नितिन मेनन थर्ड अंपायर की भूमिका निभाएंगे और पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जवागल श्रीनाथ मैच रेफरी होंगे।
क्या दोहराया जाएगा इतिहास? दिलचस्प बात यह है कि पिछले विश्व कप के सेमीफाइनल में भी जब भारत ने इंग्लैंड को 68 रनों से हराया था, तब भी क्रिस गफानी अंपायर थे। भारतीय प्रशंसक उम्मीद कर रहे हैं कि गफानी की मौजूदगी एक बार फिर टीम इंडिया के लिए लकी साबित होगी और भारत फाइनल में अपनी जगह पक्की करेगा।