हिंद महासागर में भीषण युद्ध! ईरानी युद्धपोत पर सबमरीन हमला, 101 लापता, मची चीख-पुकार

मध्य पूर्व में जारी तनाव की आग अब हिंद महासागर तक पहुंच गई है। श्रीलंका के दक्षिणी तट पर एक सनसनीखेज घटना में ईरानी नौसेना के युद्धपोत ‘आईआरआईएस डेना’ (IRIS Dena) पर सबमरीन (पनडुब्बी) से हमला किया गया है। इस हमले के बाद जहाज समुद्र में समा गया है, जिसमें कम से कम 101 कर्मियों के लापता होने की खबर है। श्रीलंका की नौसेना और रक्षा विभाग ने इस विनाशकारी घटना की पुष्टि की है, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हड़कंप मच गया है।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, यह हमला बुधवार को श्रीलंका के तट के पास हुआ। ईरानी युद्धपोत से ‘डिस्ट्रेस सिग्नल’ (आपातकालीन संकेत) मिलने के तुरंत बाद श्रीलंका की नौसेना ने बड़े पैमाने पर बचाव अभियान शुरू किया। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि अब तक 78 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 32 को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है। हालांकि, चालक दल के 101 सदस्य अभी भी लापता हैं और गहरे समुद्र में उनके डूबने की आशंका जताई जा रही है।
सैन्य विशेषज्ञों का मानना है कि यह एक सोची-समझी टॉरपीडो स्ट्राइक हो सकती है। जिस तरह से जहाज डूबा, वह किसी शक्तिशाली सबमरीन हमले की ओर इशारा करता है। श्रीलंका के विदेश मंत्री विजिता हेराथ ने कहा, “हमने घायलों को तट पर लाकर चिकित्सा सहायता प्रदान की है। श्रीलंका इस घटना को बेहद गंभीरता से ले रहा है और हम अंतरराष्ट्रीय प्रोटोकॉल के तहत उचित कार्रवाई करेंगे।”
यह घटना हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर एक बड़ा सवालिया निशान खड़ा करती है। ईरान और उसके प्रतिद्वंद्वियों के बीच चल रही ‘शैडो वॉर’ अब श्रीलंका के इतने करीब पहुंच जाएगी, इसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी। ईरानी नौसेना का फ्रीगेट ‘डेना’ आधुनिक हथियारों से लैस था, लेकिन सबमरीन हमले ने उसे संभलने का मौका भी नहीं दिया। फिलहाल, सर्च ऑपरेशन जारी है, लेकिन तेज लहरों और गहरे पानी के कारण रेस्क्यू टीम को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस हमले ने पूरी दुनिया को एक नए समुद्री संघर्ष की दहलीज पर खड़ा कर दिया है।