Pakistan Cricket: वर्ल्ड कप से बाहर होते ही पाकिस्तान में बगावत! चयनकर्ता अलीम डार ने दिया इस्तीफा

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान की शर्मनाक विदाई के बाद अब सरहद पार क्रिकेट की राजनीति गरमा गई है। टीम के खराब प्रदर्शन और सिलेक्शन को लेकर उठे विवाद के बीच पाकिस्तान के नेशनल सेलेक्टर और पूर्व अंपायर अलीम डार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। खबर है कि टीम सिलेक्शन के दौरान मुख्य कोच माइक हेसन के साथ उनके मतभेद इस इस्तीफे की मुख्य वजह बने।

बाबर और शादाब पर तकरार: सूत्रों के मुताबिक, अलीम डार विश्व कप के लिए बाबर आजम और शादाब खान को टीम में शामिल करने के सख्त खिलाफ थे। उनका मानना था कि खराब फॉर्म के बावजूद इन खिलाड़ियों को मौका देना टीम के लिए आत्मघाती होगा। हालांकि, मुख्य कोच माइक हेसन उन्हें टीम में रखने पर अड़े रहे। हेसन को टीम चुनने के लिए बोर्ड की ओर से पूरी छूट दी गई थी, जिससे सेलेक्शन कमेटी के बाकी सदस्य जैसे असद शफीक और आकिब जावेद हाशिए पर चले गए थे।

रिजवान को बाहर करना पड़ा भारी: अलीम डार इस बात से भी नाराज थे कि अनुभवी मोहम्मद रिजवान को टीम से बाहर रखा गया। उन्होंने उस्मान खान की जगह रिजवान को खिलाने का सुझाव दिया था, जिसे कोच ने ठुकरा दिया। वर्ल्ड कप में बाबर का प्रदर्शन भी डार की बात को सच साबित कर गया; बाबर ने 5 मैचों में केवल 90 रन बनाए। यहां तक कि हेसन ने खुद बाद में स्वीकार किया कि बाबर का स्ट्राइक रेट टीम के लिए सिरदर्द बन गया था।

बढ़ती मुसीबतें: सलमान अली आगा की कप्तानी वाली पाकिस्तानी टीम सुपर-8 में न्यूजीलैंड से पिछड़कर बाहर हो गई। इस हार ने अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के भीतर के मतभेदों को सार्वजनिक कर दिया है। अलीम डार का इस्तीफा यह साफ करता है कि कोच और चयनकर्ताओं के बीच तालमेल की भारी कमी थी। फिलहाल पीसीबी ने उनका इस्तीफा मंजूर नहीं किया है, लेकिन आने वाले दिनों में पाकिस्तान क्रिकेट में बड़े बदलावों की सुगबुगाहट तेज हो गई है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *