Badshah vs London O2: ‘इज्जत का सवाल है!’, इतिहास रचने से पहले रैपर बादशाह ने क्यों दिखाई ऐसी जिद्द?

आगामी 22 मार्च को लंदन के मशहूर ‘द ओ2 एरिना’ (The O2 Arena) में पहले भारतीय रैपर के रूप में इतिहास रचने जा रहे बादशाह एक बड़ी मुश्किल में फंस गए हैं। इस ऐतिहासिक पल से पहले लंदन की सड़कों पर उन्हें अपमानजनक स्थिति का सामना करना पड़ा। बादशाह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर बताया कि उन्हें ओ2 एरिना के अंदर प्रवेश करने से रोक दिया गया है।
20 हजार फैंस के साथ वापसी का संकल्प: 3 मार्च को इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए वीडियो में बादशाह नीले-लाल जैकेट और ट्रैक पैंट में एरिना के बंद दरवाजे के बाहर खड़े काफी परेशान और नाराज नजर आ रहे हैं। उन्होंने वीडियो पर बड़े अक्षरों में लिखा, “अंदर नहीं जाने दिया। अब 22 मार्च को 20,000 सदस्यों के परिवार के साथ अंदर घुसूँगा।” कैप्शन में उन्होंने लंदन के फैंस को संबोधित करते हुए लिखा, “लंदन, अब इज्जत का सवाल है! 22 मार्च को ओ2 में मिलते हैं।” बादशाह के इस जुझारू रवैये की उनके फैंस जमकर तारीफ कर रहे हैं। नोरा फतेही समेत कई हस्तियों ने उनका समर्थन किया है।
श्रेया घोषाल का मिला साथ: लंदन के इस बड़े मंच पर परफॉर्म करने से पहले बादशाह थोड़े नर्वस भी थे। हाल ही में ‘इंडियन आइडल 16’ के सेट पर उन्होंने श्रेया घोषाल से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद मांगा। श्रेया ने बादशाह की जमकर तारीफ की और फैंस से उनका लाइव शो देखने की अपील की। बादशाह ने भावुक होकर लिखा, “मैंने आशीर्वाद मांगा था, उन्होंने मुझे आत्मविश्वास दिया।”
वैश्विक मंच पर देसी हिप-हॉप: एएनआई (ANI) को दिए एक बयान में बादशाह ने कहा, “ओ2 एरिना में हेडलाइनर होना सिर्फ एक उपलब्धि नहीं, बल्कि मेरा बरसों पुराना सपना है। देसी हिप-हॉप अब ग्लोबल स्टेज पर अपनी जगह बना रहा है। लंदन, हम मिलकर इतिहास रचेंगे। 22 मार्च 2026 की रात ऐसी होगी जिसे हम ताउम्र याद रखेंगे।” फिलहाल, बादशाह उस बंद दरवाजे का जवाब अपनी धमाकेदार परफॉरमेंस से देने के लिए बेताब हैं।