वोटर लिस्ट में नाम ‘विचाराधीन’ देख दहशत में युवक, फांसी लगाकर दी जान! चुनाव आयोग पर फूटा गुस्सा

पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। मयूरहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के घोला नयापारा में एक 41 वर्षीय व्यक्ति, रफीक अली गाजी ने सिर्फ इसलिए आत्महत्या कर ली क्योंकि मतदाता सूची (Voter List) में उनका नाम ‘विचाराधीन’ (Under Inquiry) श्रेणी में रखा गया था। रफीक को डर था कि उनका और उनके परिवार का नाम मतदाता सूची से काट दिया जाएगा और उन्हें नागरिकता खोनी पड़ेगी।

परिजनों के मुताबिक, एसआईआर (SIR) का नोटिस मिलने के बाद से ही रफीक काफी डरे हुए थे। उन्होंने अपने सभी दस्तावेज और सबूत जमा कर दिए थे, लेकिन 28 फरवरी को जब सूची निकली, तो उसमें उनका नाम संदिग्ध पाया गया। रफीक के साथ उनके परिवार के 5 अन्य सदस्यों का नाम भी इसी श्रेणी में था। इस बात से वह इतने तनाव में आ गए कि उन्होंने होली की शाम, जब घर पर कोई नहीं था, पंखे से लटककर अपनी जान दे दी।

उस्ती थाने की पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए डायमंड हार्बर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा है। मृतक की पत्नी और रिश्तेदारों ने चुनाव आयोग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। स्थानीय तृणमूल पंचायत सदस्य जमसीदुल इस्लाम सरदार ने इसे एक राजनीतिक साजिश बताया है। उनका कहना है कि पुराने बाशिंदों के नाम जानबूझकर काटे जा रहे हैं। गौरतलब है कि उस बूथ संख्या 141 के करीब 111 और लोग इसी ‘विचाराधीन’ सूची में शामिल हैं, जिससे पूरे इलाके में डर का माहौल बना हुआ है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *