“बीजेपी को बदनाम करने की साजिश”; बलात्कार के आरोप पर बंगाल में सियासी संग्राम, पुलिस जांच तेज

पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी से एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहाँ एक मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला को बीजेपी कार्यालय के भीतर ले जाकर कथित तौर पर बलात्कार किया गया। इस मामले में पुलिस ने एक बीजेपी कार्यकर्ता को गिरफ्तार किया है। घटना मंगलवार देर रात की है, जिसके बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया। ग्रामीणों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

शिकायत के अनुसार, आरोपी ने सड़क पर घूम रही असहाय महिला को बहला-फुसलाकर पार्टी कार्यालय के अंदर ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला की चीखें सुनकर स्थानीय लोग जमा हो गए और आरोपी को भागने से पहले ही दबोच लिया। पीड़िता फिलहाल कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है, उसने बस इतना कहा कि वह सिलीगुड़ी की रहने वाली है। स्थानीय लोगों ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है।

इस घटना ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। स्थानीय तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेताओं का कहना है कि बीजेपी के कार्यकर्ता पार्टी दफ्तरों को अपराध का अड्डा बना रहे हैं। वहीं, बीजेपी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। बीजेपी जिला समिति के सदस्य चंदन बर्मन ने कहा, “रात १२ बजे पार्टी ऑफिस बंद रहता है। यह बीजेपी की छवि खराब करने के लिए टीएमसी की रची हुई साजिश है। जिस व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, उसका बीजेपी से कोई लेना-देना नहीं है।” पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *