स्मार्टफोन में घुस गया है होली का रंग? चावल के डिब्बे में भूलकर भी न रखें, खराब हो सकता है फोन!
March 4, 2026

होली के रंगों और मौज-मस्ती के बीच अक्सर हमारा कीमती स्मार्टफोन पानी या गुलाल की चपेट में आ जाता है। कभी स्पीकर से फटी हुई आवाज आती है, तो कभी चार्जिंग पोर्ट काम करना बंद कर देता है। ऐसे में घबराकर हम कई बार ऐसी गलतियां कर बैठते हैं जो फोन को पूरी तरह बर्बाद कर देती हैं।
चावल का नुस्खा है खतरनाक! ज्यादातर लोग फोन भीगते ही उसे चावल के डिब्बे में डाल देते हैं। लेकिन एक्सपर्ट्स का मानना है कि चावल के छोटे कण और उसका पाउडर फोन के हेडफोन जैक या चार्जिंग पोर्ट में फंसकर उसे अंदर से खराब कर सकते हैं। इसके अलावा, बंद डिब्बे में नमी की वजह से फोन के अंदर फंगस लगने का खतरा भी बढ़ जाता है।
फोन बचाने के सही तरीके:
- तुरंत करें स्विच ऑफ: अगर फोन में पानी गया है, तो उसे ऑन रखने की गलती न करें। इससे शॉर्ट सर्किट हो सकता है। सबसे पहले फोन बंद कर दें।
- सिलिका जेल है जादू: नए जूतों या बैग में मिलने वाले छोटे सिलिका जेल के पैकेट नमी सोखने में सबसे कारगर होते हैं। एक एयरटाइट डिब्बे में फोन के साथ कुछ सिलिका जेल पैकेट रख दें, यह सुरक्षित तरीके से नमी खींच लेगा।
- हेयर ड्रायर से बचें: फोन सुखाने के लिए हेयर ड्रायर की गर्म हवा का इस्तेमाल बिल्कुल न करें। यह स्क्रीन और इंटरनल सर्किट को पिघला सकती है।
- वैक्यूम क्लीनर का उपयोग: पोर्ट्स में फंसा हुआ गुलाल निकालने के लिए फूंक न मारें, इससे वह और अंदर चला जाएगा। इसके बजाय कम पावर वाले वैक्यूम क्लीनर से धूल खींच लें।