शादी के बाद विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना का ग्रैंड रिसेप्शन, हैदराबाद में उमड़ा सितारों का हुजूम!

हैदराबाद के निज़ाम शहर में बुधवार की रात कुछ ज्यादा ही रोशन थी। साउथ सिनेमा के ‘पावर कपल’ विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना ने अपनी शादी का भव्य रिसेप्शन आयोजित किया, जहां बॉलीवुड और टॉलीवुड के दिग्गजों का मिलन देखने को मिला। आखिरकार विजय को अपनी असल जिंदगी की ‘श्रीवल्ली’ मिल गई है और रश्मिका ने अपने ‘स्वामी’ के साथ नए जीवन की शुरुआत कर ली है।
सांस्कृतिक विरासत और सादगी भरा लुक इस खास मौके पर कपल ने अपनी परंपराओं को प्राथमिकता दी। रश्मिका ने मैसूर सिल्क की एक कस्टमाइज्ड साड़ी पहनी थी, जिसे मदुरा के कारीगरों ने विशेष रूप से तैयार किया था। साड़ी पर ‘गंडाबेरुंडा’ (Gandaberunda) का रूपांकन किया गया था, जो दो सिर वाला एक पौराणिक पक्षी है और कर्नाटक की शक्ति का प्रतीक माना जाता है। सोने के गहनों और बालों में फूलों के साथ रश्मिका बला की खूबसूरत लग रही थीं। वहीं, विजय देवरकोंडा पारंपरिक सफेद वेस्टी, आइवरी कुर्ता और अंगवस्त्रम में बेहद डैशिंग नजर आए।
दिग्गजों की मौजूदगी और पीएम मोदी का संदेश रिसेप्शन में चिरंजीवी, राम चरण, अल्लू अर्जुन और नागार्जुन जैसे सुपरस्टार्स ने शिरकत की। बॉलीवुड से करण जौहर, कृति सेनन, मृणाल ठाकुर और नीना गुप्ता भी नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देने पहुंचे। नीना गुप्ता और उनके पति विवेक मेहरा की कपल के साथ सेल्फी सोशल मीडिया पर छाई हुई है।
राजनीतिक जगत से कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार और केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। गौर करने वाली बात यह है कि विजय और रश्मिका ने खुद जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया था। व्यस्तता के कारण पीएम उपस्थित तो नहीं हो पाए, लेकिन उन्होंने पत्र भेजकर जोड़े को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। 26 फरवरी को उदयपुर में गुपचुप शादी के बाद हैदराबाद का यह जश्न अब टॉक ऑफ द टाउन बना हुआ है।