विजय-रश्मिका के रिसेप्शन में उमड़ा बॉलीवुड और साउथ का संगम! अल्लू अर्जुन और रामचरण ने बढ़ाई रौनक

मनोरंजन की दुनिया से जुड़ी हर छोटी-बड़ी हलचल लेकर हाजिर है ‘नजरे मनोरंजन’। जानिए आज दिन भर की वो खबरें, जो टिनसेल टाउन में चर्चा का विषय बनी रहीं।

विजय-रश्मिका का ग्रैंड रिसेप्शन: हैदराबाद के होटल ‘ताज कृष्णा’ में विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की शादी का शानदार रिसेप्शन आयोजित किया गया। इस जश्न में ‘पुष्पा’ स्टार अल्लू अर्जुन, रामचरण, चिरंजीवी और नागार्जुन जैसे दिग्गजों ने शिरकत की। बॉलीवुड से करण जौहर, कृति सेनन और मृणाल ठाकुर भी इस नई जोड़ी को बधाई देने पहुंचे। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच यह रात सितारों की चमक से सराबोर रही।

अमिताभ बच्चन का भावुक संदेश: इस साल होली पर अमिताभ बच्चन ने रंगों से दूरी बनाए रखी। उन्होंने इसे ‘शांत होली’ बताया। माना जा रहा है कि अपने जिगरी दोस्त धर्मेंद्र के निधन के शोक से अमिताभ अभी तक उभर नहीं पाए हैं। उन्होंने अपने घर ‘जलसा’ को प्यार का प्रतीक बताते हुए एक इमोशनल पोस्ट भी लिखा। रंगों की जगह उन्होंने केवल मिठाइयों के साथ प्रशंसकों को त्योहार की बधाई दी।

मलाइका की मां का खौफनाक अनुभव: पश्चिम एशिया में युद्ध जैसे हालात के कारण मलाइका अरोड़ा की मां जॉयसी अरोड़ा दुबई में फंस गई हैं। अपनी बहन का जन्मदिन मनाने गई जॉयसी ने बताया कि आसमान में मिसाइलों को उड़ते देखना बेहद डरावना है। हालांकि वह सुरक्षित हैं, लेकिन ३ मार्च की फ्लाइट रद्द होने के कारण वह घर नहीं लौट पाई हैं। मलाइका लगातार अपनी मां के संपर्क में हैं। वहीं, सोनल चौहान और ईशा गुप्ता सुरक्षित भारत लौट आई हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *