अर्जुन तेंदुलकर की शादी में लगा सितारों का मेला: धोनी, गंभीर और युवराज ने बढ़ाई महफिल की रौनक

क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर के घर में आज शहनाइयां गूंजीं। मास्टर ब्लास्टर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर ने अपनी लॉन्ग-टाइम पार्टनर सानिया चांदक के साथ सात फेरे लिए। दक्षिण मुंबई के एक निजी वेन्यू में आयोजित इस भव्य समारोह ने भारतीय क्रिकेट के सुनहरे दौर की यादें ताजा कर दीं।
भारतीय क्रिकेट का भव्य पुनर्मिलन यह शादी किसी जश्न से कम नहीं थी, जहाँ भारतीय क्रिकेट जगत की हस्तियां एक छत के नीचे नजर आईं। टी-20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में भारत बनाम इंग्लैंड के बड़े मुकाबले से पहले टीम इंडिया के कोच गौतम गंभीर ने अपनी पत्नी के साथ शिरकत की। आईसीसी के चेयरमैन जय शाह और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर भी नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देने पहुंचे। महफिल में चार चांद लगाने पहुंचे महेंद्र सिंह धोनी, सुनील गावस्कर, युवराज सिंह, हरभजन सिंह और जहीर खान जैसे दिग्गज खिलाड़ियों ने इस शादी को एक ‘री-यूनियन’ बना दिया। राहुल द्रविड़, अनिल कुंबले, रवि शास्त्री और वीरेंद्र सहवाग की मौजूदगी ने माहौल को और भी यादगार बना दिया।
ग्लैमर वर्ल्ड की चमक क्रिकेट जगत के अलावा बॉलीवुड के सितारों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय बच्चन के साथ फिल्म निर्देशक आशुतोष गोवारिकर भी इस शादी के गवाह बने। गौरतलब है कि अर्जुन और सानिया ने पिछले साल अगस्त में एक निजी समारोह में सगाई की थी, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं।
कौन हैं सानिया चांदक और उनका परिवार? अर्जुन की दुल्हन सानिया चांदक मशहूर उद्योगपति रवि घई की पोती और गौरव घई की बेटी हैं। घई परिवार भारत के फूड और हॉस्पिटलिटी सेक्टर का एक बड़ा नाम है। सानिया के दादा रवि घई ने ‘ग्रैविस ग्रुप’ को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है। मुंबई का आलीशान इंटरकांटिनेंटल होटल और मशहूर आइसक्रीम ब्रांड ‘ब्रुकलिन क्रीमरी’ इन्हीं के स्वामित्व में है। भारत और सार्क देशों में ‘बास्किन रॉबिन्स’ की फ्रेंचाइजी लाकर रवि घई ने बिजनेस की दुनिया में अपना लोहा मनवाया था। अब उनके बेटे गौरव घई इस ग्रुप के चेयरमैन हैं।
अर्जुन और सानिया की इस शादी ने खेल और बिजनेस की दुनिया के दो बड़े परिवारों को एक सूत्र में पिरो दिया है।