चुनाव से पहले एक्शन में कोलकाता पुलिस: पुलिस कमिश्नर ने थानों को दिए दंगाइयों की लिस्ट तैयार करने के निर्देश

आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर कोलकाता पुलिस ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए कमर कस ली है। कोलकाता के पुलिस आयुक्त सुप्रतिम सरकार ने हाल ही में शहर के सभी थानों के ओसी (OC) और उपायुक्तों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक का मुख्य एजेंडा चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकना और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करना था।
अपराधियों पर ‘रफ रजिस्टर’ से वार पुलिस ने इस बार तकनीक और डेटा पर जोर दिया है। सभी थानों के ‘एंटी राउडी ऑफिसर्स’ को निर्देश दिया गया है कि वे अपने क्षेत्र के नामी अपराधियों और असामाजिक तत्वों का विवरण (रफ रजिस्टर) अपडेट कर डिविजनल डीसी को सौंपें। इससे पुलिस को उन बदमाशों पर नजर रखने में आसानी होगी जो चुनाव के दौरान खलल डाल सकते हैं।
विशेष प्रशिक्षण और रूट मार्च पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में जवानों को भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन स्थितियों से निपटने का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शांति बनाए रखने के लिए केंद्रीय बलों के साथ मिलकर शहर के संवेदनशील इलाकों में रूट मार्च किया जा रहा है। हालांकि, रवींद्र सरोवर इलाके में हुई फायरिंग के आरोपी ‘सोना पप्पू’ की अब तक गिरफ्तारी न होना पुलिस के लिए एक चुनौती बनी हुई है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि वे हर चुनौती से निपटने के लिए तैयार हैं और सुरक्षित चुनाव सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है।