परिवार को बचाने के लिए रची ट्रंप-बाइडन की हत्या की साजिश! अमेरिकी अदालत में पाक नागरिक का दावा

अमेरिकी राजनीति में हलचल मचाने वाले एक मामले में पाकिस्तानी नागरिक आसिफ मर्चेंट ने ब्रुकलिन की अदालत में बड़ा खुलासा किया है। मर्चेंट का दावा है कि ईरानी खुफिया एजेंटों ने उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देकर उसे जो बाइडन और डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की साजिश में शामिल होने के लिए मजबूर किया था। 47 वर्षीय मर्चेंट पर आतंकवाद और ‘कॉन्ट्रैक्ट किलिंग’ के आरोप हैं।
हैंडलर ने दी थी बंदूक की नोक पर धमकी: आसिफ ने अदालत को बताया कि ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) के सदस्य मेहरदाद यूसुफ ने उसके परिवार पर दबाव बनाया था। उसके मुताबिक, यूसुफ ने उसके घर जाकर हथियारों के दम पर उसे इस मिशन के लिए अमेरिका भेजा। आसिफ का कहना है कि उसने एफबीआई के अंडरकवर एजेंटों को 5,000 डॉलर एडवांस दिए थे, लेकिन वह दिल से यह काम नहीं करना चाहता था। उसने दावा किया कि वह पकड़े जाने के लिए तैयार था ताकि अमेरिकी सरकार को सच्चाई बताकर ‘ग्रीन कार्ड’ हासिल कर सके।