नीतीश कुमार का बड़ा ऐलान: अब राज्यसभा जाएंगे ‘सुशासन बाबू’, बिहार की सत्ता में बड़े उलटफेर की तैयारी

बिहार की सियासत में एक युग का अंत होने जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी पुरानी इच्छा को अमली जामा पहनाते हुए राज्यसभा जाने का फैसला किया है। नीतीश के इस कदम के बाद अब बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसे लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। सूत्रों की मानें तो बिहार की कमान अब पूरी तरह से भाजपा के हाथों में जा सकती है।
कौन होगा नया मुख्यमंत्री? 2025 के विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद भाजपा 89 सीटों के साथ गठबंधन में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, जबकि जेडीयू के पास 85 सीटें हैं। ऐसे में भाजपा अब अपना मुख्यमंत्री चाहती है। रेस में वर्तमान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा का नाम सबसे ऊपर है। इनके अलावा केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय और दिलीप जायसवाल के नामों पर भी चर्चा गर्म है।
निशांत कुमार की सरप्राइज एंट्री! इस पूरे फेरबदल में सबसे चौंकाने वाला नाम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार का है। चर्चा है कि नई कैबिनेट में निशांत कुमार को उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। जेडीयू को कोटे से दो उपमुख्यमंत्री पद मिल सकते हैं, जिनमें से एक पर निशांत की ताजपोशी की संभावना है। शांत रहने वाले निशांत का राजनीति में यह सीधा और बड़ा प्रवेश बिहार की राजनीति की दिशा बदल सकता है।