भारत के ‘अतिथि’ जहाज पर अमेरिकी हमला! हिंद महासागर में डूबा ईरानी युद्धपोत, 87 सैनिकों की मौत

हिंद महासागर में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अब खूनी संघर्ष में बदल गया है। भारत में नौसैनिक अभ्यास पूरा कर लौट रहे ईरानी युद्धपोत ‘IRIS Dena’ पर अमेरिका ने अचानक हमला कर उसे डुबो दिया। इस हमले में 87 ईरानी सैनिकों की मौत हो गई है, जबकि कई अभी भी लापता हैं। ईरान ने इस घटना को ‘क्रूरता’ बताते हुए अमेरिका को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी है।
कैसे हुआ हमला? ईरानी युद्धपोत ‘IRIS Dena’ विशाखापत्तनम में आयोजित ‘मिलन इंटरनेशनल फलीट रिव्यू’ में भाग लेने भारत आया था। 25 फरवरी तक चले इस अभ्यास के बाद जब यह जहाज वापस लौट रहा था, तब श्रीलंका के दक्षिण में एक अमेरिकी पनडुब्बी (Submarine) ने इसे निशाना बनाया। जहाज पर सवार 130 लोगों में से केवल 32 को ही श्रीलंकाई नौसेना बचा सकी है।
ईरान की चेतावनी: ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने सख्त लहजे में कहा, “Dena भारतीय नौसेना के अतिथि के रूप में गया था। अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में बिना किसी चेतावनी के यह हमला अमेरिका की कायरता है। अमेरिका ने जो मिसाल कायम की है, उसके लिए उसे पछताना पड़ेगा।” दूसरे विश्व युद्ध के बाद यह पहली बार है जब अमेरिका ने दुश्मन के किसी जहाज को डुबोया है। हालांकि, भारत ने अभी तक अपने समुद्री क्षेत्र के पास हुई इस घटना पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।