पश्चिम बंगाल चुनाव 2026: एक्शन मोड में चुनाव आयोग, सोमवार से मैराथन बैठकों का दौर; जानें पूरा शेड्यूल

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए चुनाव आयोग की फुल बेंच रविवार रात कोलकाता पहुंच रही है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में आयोग की टीम सोमवार और मंगलवार को राज्य के प्रशासनिक और राजनीतिक नेतृत्व के साथ महत्वपूर्ण बैठकें करेगी। माना जा रहा है कि इस दौरे के बाद मार्च के मध्य तक चुनाव की तारीखों का ऐलान हो सकता है।
सोमवार का कार्यक्रम:
- सुबह 10 बजे – दोपहर 12 बजे: राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक। आयोग पार्टियों के सुझाव और शिकायतों को सुनेगा।
- दोपहर 12:45 बजे: राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल के साथ चर्चा।
- दोपहर 1:15 बजे: 24 केंद्रीय और राज्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों के प्रमुखों के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर मंथन। इसके बाद जिलाधिकारियों (DM) और पुलिस अधीक्षकों (SP) के साथ बैठक होगी।
मंगलवार की रणनीति: मंगलवार सुबह 10 बजे मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती और कार्यवाहक डीजी पीयूष पांडे के साथ शीर्ष स्तरीय बैठक होगी। इसके बाद दोपहर में बूथ स्तर के अधिकारियों के साथ बातचीत कर जमीनी हकीकत जानी जाएगी। मंगलवार दोपहर बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आयोग अपने दौरे का निष्कर्ष साझा करेगा और फिर दिल्ली रवाना हो जाएगा। बंगाल में कितने चरणों में मतदान होगा, इसका फैसला इसी दौरे के बाद लिया जाएगा।