सांप के बाद अब कुत्ते की एंट्री! ईस्ट बंगाल और एफसी गोवा के मैच में घुसा कुत्ता, 5 मिनट तक मचाया बवाल

कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम (युवा भारती क्रीड़ांगन) में गुरुवार को आईएसएल मैच के दौरान एक अजीबोगरीब नजारा देखने को मिला। ईस्ट बंगाल और एफसी गोवा के बीच चल रहे मुकाबले के दौरान अचानक एक कुत्ता मैदान में घुस आया। करीब पांच मिनट तक कुत्ता मैदान के चारों ओर दौड़ता रहा, जिससे खिलाड़ियों और रेफरी का ध्यान भटक गया। हालांकि मैच को पूरी तरह रोका नहीं गया, लेकिन यह घटना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। बता दें कि इसी मैदान पर पहले सांप निकलने की घटना भी हो चुकी है।

मैदान पर कुत्ते की फुर्ती तो दिखी, लेकिन ईस्ट बंगाल के खिलाड़ियों में वह जोश नजर नहीं आया। करीब 12,853 दर्शकों की मौजूदगी में लाल-पीली ब्रिगेड ने गोल करने के कई मौके गंवाए। कोच ऑस्कर ब्रुजोन की टीम खेल में वह ‘किलर इंस्टिंक्ट’ नहीं दिखा सकी जिसकी उम्मीद फैंस कर रहे थे। दूसरी ओर, एफसी गोवा ने जवाबी हमले में कई खतरनाक मौके बनाए, लेकिन किस्मत ने ईस्ट बंगाल का साथ दिया और मैच बिना किसी गोल के ड्रॉ पर समाप्त हुआ।

ईस्ट बंगाल की लय बिगड़ी: शुरुआती दो मैचों में शानदार जीत दर्ज करने वाली ईस्ट बंगाल की टीम पिछले दो मैचों से संघर्ष कर रही है। जमशेदपुर के खिलाफ हार के बाद अब गोवा के साथ ड्रॉ ने टीम की कमियों को उजागर कर दिया है। स्टार स्ट्राइकर यूसुफ एज़ेज़ारी, जिन्होंने पहले दो मैचों में चार गोल किए थे, इस मैच में पूरी तरह खामोश रहे। कोच का मानना है कि रोजा रखने की वजह से खिलाड़ी थकान महसूस कर रहे हैं, जिससे टीम का तालमेल बिगड़ रहा है। अब देखना होगा कि अगले मैच में ईस्ट बंगाल वापसी कर पाती है या नहीं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *