हमें घर जाने दो!’ ईरान-इजरायल युद्ध के कारण कोलकाता में फंसे वेस्टइंडीज के खिलाड़ी, डैरेन सैमी का छलका दर्द

ईडन गार्डन्स में हार के बाद वेस्टइंडीज का वर्ल्ड कप का सफर तो खत्म हो गया, लेकिन उनके खिलाड़ियों के लिए असली मुश्किल अब शुरू हुई है। ईरान और इजरायल के बीच जारी युद्ध की स्थिति ने अंतरराष्ट्रीय विमान सेवाओं को ठप कर दिया है, जिसके कारण वेस्टइंडीज की पूरी टीम पिछले पांच दिनों से कोलकाता में फंसी हुई है। टीम के कोच डैरेन सैमी ने अपनी मानसिक पीड़ा को सोशल मीडिया पर बयां किया है, जिसे देखकर फैंस भी काफी चिंतित हैं।
डैरेन सैमी ने गुरुवार को एक्स (X) पर अपनी लाचारी जाहिर करते हुए लिखा, “मैं बस घर जाना चाहता हूँ।” कुछ ही घंटों बाद उन्होंने एक और भावुक पोस्ट किया, “हमें कम से कम कोई अपडेट तो दो। कुछ तो बताओ! हम आज जाएंगे, कल या अगले हफ्ते? पांच दिन बीत चुके हैं।” सैमी की इस पोस्ट पर पूर्व दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटर हर्शल गिब्स ने भी कमेंट किया कि कभी-कभी मैदान के बाहर की जंग खेल से भी ज्यादा कठिन होती है।
होटल में कैद कैरेबियाई सितारे: शिमरोन हेटमायर, जेसन होल्डर और शाई होप जैसे दिग्गज खिलाड़ी फिलहाल कोलकाता के एक होटल में वक्त काट रहे हैं। 1 मार्च को भारत से हारने के बाद उन्हें सोमवार को ही रवाना होना था, लेकिन मध्य पूर्व में तनाव के कारण रूट सुरक्षित नहीं है। पिछले एक महीने से घर से दूर इन खिलाड़ियों के लिए अब एक-एक पल भारी पड़ रहा है। बुधवार को कुछ खिलाड़ी दक्षिण अफ्रीका बनाम न्यूजीलैंड का मैच देखने ईडन गए थे, लेकिन दिमाग में बस घर लौटने की चिंता बनी हुई है। पूरी दुनिया की नजरें अब इस युद्ध के थमने पर हैं, ताकि ये खिलाड़ी सुरक्षित अपने देश लौट सकें।