सेमीफाइनल में संजू सैमसन का ‘विस्फोट’, 42 गेंदों में 89 रन देख हक्के-बक्के रह गए अंग्रेज!

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ संजू सैमसन ने जिस अंदाज में बल्लेबाजी की, उसने दिग्गज क्रिकेटरों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया है। मात्र 42 गेंदों में 89 रनों की तूफानी पारी खेलने वाले संजू की तारीफ में अब सुनील गावस्कर ने कसीदे पढ़े हैं। यह वही गावस्कर हैं जो कभी संजू के शॉट सिलेक्शन और निरंतरता की कड़ी आलोचना करते थे।

मैच के बाद गावस्कर ने कहा, “ऐसा लग रहा है जैसे संजू किसी दूसरे ग्रह से बल्लेबाजी करने आए हैं। उनके लिए गेंद पूर्णिमा के चांद जितनी बड़ी हो गई है। उनके ग्राउंड शॉट्स, पुल और कट लाजवाब थे।” गावस्कर इस बात से सबसे ज्यादा प्रभावित दिखे कि संजू ने बिना किसी ‘क्रॉस-बैट’ या ऊटपटांग शॉट के इतनी तेज पारी खेली। उनके अनुसार, संजू की इस बल्लेबाजी में क्लास और पावर का अद्भुत संगम था।

रवि शास्त्री ने भी संजू के इस बदले हुए तेवर पर खुशी जाहिर की। शास्त्री ने कहा कि संजू को अपनी काबिलियत पर हमेशा से भरोसा था, लेकिन अब वह समझदारी से शॉट चुन रहे हैं। वेस्टइंडीज के बाद अब इंग्लैंड के खिलाफ मैन ऑफ द मैच बनकर संजू ने साबित कर दिया है कि वह टीम इंडिया के लिए कितने अनिवार्य हैं। अब रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले महामुकाबले में पूरी दुनिया की नजरें इस नए ‘सुपरस्टार’ पर टिकी होंगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *