महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी! रैपर बादशाह की बढ़ी मुश्किलें, महिला आयोग ने थमाया सख्त समन!

मशहूर रैपर बादशाह एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गए हैं। उनके हालिया हरियाणवी गाने ‘तातेरी’ (Tateri) में महिलाओं को लेकर कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए आपत्तिजनक शब्दों के कारण हरियाणा राज्य महिला आयोग (HSCW) ने गायक के खिलाफ समन जारी किया है। आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने गाने के बोल को अश्लील और सांस्कृतिक मर्यादाओं का उल्लंघन करने वाला बताया है।

१ मार्च को रिलीज हुए इस गाने के बाद से ही सोशल मीडिया पर विरोध के स्वर उठने लगे थे। पानीपत के पुलिस अधीक्षक को ‘नारी तू नारायणी’ उत्थान समिति और शिव आरती इंडिया फाउंडेशन की ओर से शिकायतें प्राप्त हुई थीं। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि गाने में महिलाओं और नाबालिगों को गलत तरीके से पेश किया गया है।

आयोग ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए बादशाह (असली नाम आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया) को १३ मार्च की सुबह ११:३० बजे पानीपत डीसी कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में पेश होने का आदेश दिया है। अध्यक्ष रेणु भाटिया ने इस बात पर भी हैरानी जताई कि सेंसर बोर्ड की जांच के बावजूद इस तरह के शब्दों वाले गाने कैसे सार्वजनिक हो रहे हैं। हालांकि गाने में हरियाणा की बॉक्सिंग चैंपियन सिमरन जगलान भी नजर आई हैं, लेकिन गाने के विवादास्पद बोलों ने बादशाह को कानूनी पचड़े में फंसा दिया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *