बंगाल में आएगा बीजेपी का मुख्यमंत्री! सिलीगुड़ी से सुकांत मजूमदार का ममता बनर्जी पर बड़ा प्रहार

कोलकाता के धर्मतला में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के धरने को लेकर राजनीति गरमा गई है। इस बीच, केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता सुकांत मजूमदार ने सिलीगुड़ी के बागडोगरा हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री पर करारा हमला बोला। सुकांत ने चुटकी लेते हुए कहा कि ममता बनर्जी असल में ‘विपक्ष की नेता’ बनने का अभ्यास कर रही हैं। उन्होंने कहा, “अगले चुनाव के बाद बंगाल में भाजपा का मुख्यमंत्री होगा और ममता जी को विपक्ष में बैठना होगा, इसलिए वे अभी से धरने की प्रैक्टिस कर रही हैं।”
वोटर लिस्ट में गड़बड़ी (SIR) के आरोपों को लेकर ममता के आंदोलन पर तंज कसते हुए सुकांत ने स्पष्ट किया कि भाजपा इन आरोपों से डरने वाली नहीं है। वहीं, सी वी आनंद बोस के इस्तीफे और नए राज्यपाल आर एन रवि की नियुक्ति पर मुख्यमंत्री की नाराजगी का जवाब देते हुए सुकांत ने कहा, “भारत के संविधान में कहीं नहीं लिखा है कि राज्यपाल की नियुक्ति के लिए मुख्यमंत्री से सलाह लेना अनिवार्य है। केंद्र सरकार ने नियमों के तहत ही फैसला लिया है।”