सड़क हादसे में उजड़ गए कई परिवार! छत्तीसगढ़ के दो जिलों में भीषण तबाही, ३० से ज्यादा घायल

छत्तीसगढ़ के लिए शुक्रवार का दिन हादसों भरा रहा। राज्य के दो अलग-अलग जिलों में हुए भीषण सड़क हादसों में १० लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि ३० से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पहली घटना जशपुर जिले की है, जहां एक निजी बस अनियंत्रित होकर पलट गई, वहीं दूसरी घटना बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में हुई जहां ट्रक और बस की जोरदार भिड़ंत हो गई।
जशपुर के पुलिस अधीक्षक लाल उम्मेद सिंह ने बताया कि एक निजी बस पड़ोसी राज्य झारखंड के कुरडेग से छत्तीसगढ़ के कुनकुरी की ओर जा रही थी। तपकरा थाना क्षेत्र के गोदंबा गांव के पास चालक ने अचानक बस पर से नियंत्रण खो दिया और बस सड़क पर ही पलट गई। इस हादसे में ५ यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि २५ अन्य घायल हो गए। घायलों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है।
दूसरी ओर, बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सिमगा थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रक ने खड़ी बस को पीछे से टक्कर मार दी। रायपुर से बिलासपुर जा रही यह बस दारचुरा गांव के पास यात्रियों को चढ़ाने के लिए रुकी थी, तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने उसे रौंद दिया। इस टक्कर में भी ५ लोगों की जान चली गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।