T20 वर्ल्ड कप फाइनल के लिए रेलवे का बड़ा तोहफा! चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, ऐसे करें बुकिंग

टी-२० वर्ल्ड कप २०२६ का फाइनल मुकाबला रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले इस खिताबी मुकाबले को लेकर पूरे देश में उत्साह चरम पर है। फैंस की भारी भीड़ को देखते हुए पश्चिमी रेलवे ने मुंबई सेंट्रल और अहमदाबाद के बीच विशेष सुपरफास्ट ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। यह कदम विमानों के बढ़ते किराए को देखते हुए उठाया गया है ताकि क्रिकेट प्रेमी आसानी से मैच देखने पहुंच सकें।
रेलवे के मुताबिक, एसी सुपरफास्ट ‘तेजस’ स्पेशल (09027) शनिवार रात ११:४५ बजे मुंबई सेंट्रल से रवाना होगी और रविवार सुबह ८:३० बजे अहमदाबाद पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन सोमवार तड़के ३:०० बजे अहमदाबाद से चलकर सुबह ११:१५ बजे मुंबई पहुंचेगी। इसके अलावा एक और स्पेशल ट्रेन (09021) रविवार सुबह ६:२० बजे रवाना होगी, जो मैच शुरू होने से पहले दोपहर १२:४० बजे अहमदाबाद पहुंच जाएगी।
इन ट्रेनों में फर्स्ट एसी, एसी टू टियर और एसी थ्री टियर की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। शनिवार वाली स्पेशल ट्रेन की बुकिंग शुक्रवार से ही शुरू हो गई है, जबकि रविवार की ट्रेन के लिए टिकट शनिवार से बुक किए जा सकेंगे। पिछली बार की चैंपियन टीम इंडिया अपनी बादशाहत बरकरार रखने के लिए पूरी तरह तैयार है, और रेलवे का यह प्रयास फैंस के जोश को दोगुना करने वाला साबित होगा।