कोलकाता के विक्टोरिया मेमोरियल को बम से उड़ाने की धमकी! मौके पर बम निरोधक दस्ता, मचा हड़कंप

कोलकाता की शान और सबसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थल विक्टोरिया मेमोरियल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे शहर में सनसनी फैल गई है। शुक्रवार को विक्टोरिया मेमोरियल अधिकारियों को एक अज्ञात ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें परिसर में विस्फोट करने की चेतावनी दी गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों ने तुरंत हेस्टिंग्स थाने में शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही लालबाजार से बम निरोधक दस्ता (Bomb Squad) और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और पूरे परिसर को घेर कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया।
चप्पे-चप्पे पर तलाशी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट बम निरोधक दस्ते के सदस्य मेटल डिटेक्टर और खोजी कुत्तों की मदद से मेमोरियल के बगीचों और मुख्य भवन के हर कोने की जांच कर रहे हैं। हालांकि, अब तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन पुलिस प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है। पिछले कुछ दिनों में कोलकाता के कई स्कूलों, अदालतों और पासपोर्ट कार्यालयों को भी इसी तरह के धमकी भरे मेल मिले थे, जो बाद में फर्जी साबित हुए। लेकिन विक्टोरिया मेमोरियल जैसे संवेदनशील स्थान को लेकर मिली इस धमकी ने सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है।
धरना स्थल के करीब धमकी से बढ़ा तनाव यह घटना विशेष रूप से चिंताजनक इसलिए है क्योंकि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज दोपहर से धर्मतला के मेट्रो चैनल पर धरने पर बैठी हैं। धरना स्थल से विक्टोरिया मेमोरियल की दूरी महज 3 किलोमीटर है। ऐसे में मुख्यमंत्री की सुरक्षा और शहर की कानून-व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन काफी गंभीर है। कोलकाता पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ईमेल भेजने वाले का पता लगाने की कोशिश कर रही है। फिलहाल विक्टोरिया मेमोरियल में आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी है।