‘मैडम, हम उन्हें अच्छी तरह जानते हैं!’ प्रकाश राज ने ममता को किया आगाह, बंगाल के नए राज्यपाल पर तंज

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी वी आनंद बोस के अचानक इस्तीफे और तमिलनाडु के राज्यपाल आर एन रवि को बंगाल का अतिरिक्त प्रभार दिए जाने के फैसले ने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र के इस फैसले पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि संघीय ढांचे का अपमान करते हुए राज्य सरकार से बिना किसी परामर्श के यह नियुक्ति की गई है। इस बीच, दक्षिण भारतीय अभिनेता प्रकाश राज के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने विवाद को और हवा दे दी है। ममता के पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा, “इसमें हैरान होने की बात नहीं है मैडम… हम उन्हें तमिलनाडु में अच्छी तरह जानते हैं।”
प्रकाश राज का तीखा हमला: प्रकाश राज ने अपने पोस्ट में सीधे तौर पर संकेत दिया कि चुनावों के दौरान केंद्र सरकार अपने ‘वफादार’ व्यक्ति को बंगाल में चाहती है। उन्होंने ममता बनर्जी का उत्साह बढ़ाते हुए लिखा, “आप हमारी रॉकस्टार की तरह लड़ती रहें।” गौरतलब है कि तमिलनाडु में मुख्यमंत्री एम के स्टालिन और राज्यपाल आर एन रवि के बीच लंबे समय से टकराव चल रहा है। स्टालिन अक्सर रवि पर ‘तानाशाह’ होने और राज्य के विधेयकों को जानबूझकर रोकने का आरोप लगाते रहे हैं। प्रकाश राज का यह कमेंट इसी संदर्भ में देखा जा रहा है कि बंगाल में भी अब राजभवन और नबन्ना के बीच संघर्ष बढ़ सकता है।
कौन हैं आर एन रवि? आर एन रवि का जन्म १९५२ में बिहार के पटना में हुआ था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत पत्रकारिता से की थी, लेकिन बाद में १९७६ बैच के आईपीएस अधिकारी बने। उन्होंने सीबीआई और आईबी जैसे प्रमुख खुफिया संगठनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। २०१४ में वे संयुक्त खुफिया समिति के अध्यक्ष और २०१८ में उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (Deputy NSA) बने। तमिलनाडु के राज्यपाल के रूप में उनका कार्यकाल विवादों से भरा रहा है। अब चुनाव से ठीक पहले उन्हें बंगाल की जिम्मेदारी मिलना राजनीतिक विश्लेषकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।