“घुसपैठियों को बुला-बुलाकर बंगाल ला रही हैं दीदी!” बिप्लब देब का ममता बनर्जी पर बड़ा हमला

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही जुबानी जंग तेज हो गई है। त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा सांसद बिप्लब देब ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर घुसपैठ के मुद्दे को लेकर तीखा हमला बोला है। बिप्लब देब का आरोप है कि ममता बनर्जी अपनी सत्ता बचाने और वोट बैंक की राजनीति के लिए बांग्लादेशी घुसपैठियों को न्योता देकर भारत ला रही हैं। कुलतली विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की ‘परिवर्तन यात्रा’ के दौरान उन्होंने यह विवादित बयान दिया।

बिप्लब देब के निशाने पर ‘पीशी-भाईपो’: कुलतली में करीब 60 किलोमीटर लंबी परिवर्तन यात्रा पूरी करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए बिप्लब देब ने कहा, “ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी चुनाव जीतने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। वे सीमा पार से घुसपैठियों को बुला रहे हैं ताकि अपना जनाधार मजबूत कर सकें।” इस दौरान उनके साथ भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष इंद्रनील खां और महिला मोर्चा की अध्यक्ष फाल्गुनी पात्रा समेत कई दिग्गज नेता मौजूद थे।

ममता के ‘चाय-घुघनी’ बयान पर तंज: इधर, भाजपा नेता सजल घोष ने भी मुख्यमंत्री पर हमला करने का कोई मौका नहीं छोड़ा। हाल ही में ममता बनर्जी ने युवाओं को 1000 रुपये से चाय और घुघनी का व्यवसाय शुरू करने की सलाह दी थी। इसी बात को याद दिलाते हुए सजल घोष ने कहा, “अब वह ‘घुघनी कन्या’ से फिर से ‘अग्नि कन्या’ बनने की कोशिश कर रही हैं।” उन्होंने ममता के धरने को एक राजनीतिक नाटक करार दिया।

सौरव गांगुली विवाद और सियासत: गौरतलब है कि सजल घोष हाल ही में सौरव गांगुली पर की गई अपनी टिप्पणियों के कारण विवादों में हैं। उन्होंने गांगुली को ‘दलाल’ तक कह दिया था, जिससे बंगाल का एक बड़ा वर्ग नाराज है। खबरों के मुताबिक, सौरव गांगुली ने इस अपमान के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर शिकायत दर्ज कराई है। चुनावी मौसम में घुसपैठ और बेरोजगारी जैसे मुद्दों ने बंगाल की राजनीति को पूरी तरह गरमा दिया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *