विश्व कप में संजू सैमसन का कोहराम! केवल 4 मैचों में मचाई तबाही, अब ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ की रेस में सबसे आगे

मौजूदा विश्व कप में भारतीय क्रिकेट टीम के लिए संजू सैमसन किसी ‘वरदान’ से कम साबित नहीं हुए हैं। विश्व कप के शुरुआती चरणों में बेंच पर बैठने वाले संजू ने प्लेइंग-11 में आते ही अपनी छाप छोड़ दी है। सेमीफाइनल और वर्चुअल क्वार्टर फाइनल में धमाकेदार पारी खेलकर भारत को फाइनल का टिकट दिलाने वाले सैमसन अब ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ की दौड़ में शामिल हो गए हैं। आईसीसी (ICC) द्वारा जारी की गई शीर्ष 8 खिलाड़ियों की सूची में संजू सैमसन इकलौते भारतीय खिलाड़ी हैं।
संजू का ‘सुपर’ प्रदर्शन: संजू ने इस विश्व कप में अब तक केवल 4 मैच खेले हैं, लेकिन उनका प्रदर्शन 8 मैच खेलने वाले खिलाड़ियों पर भारी है। उन्होंने 232 रन बनाए हैं और सबसे खास बात उनका 201.73 का स्ट्राइक रेट है। वेस्टइंडीज के खिलाफ 50 गेंदों में नाबाद 97 रन और मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में सेमीफाइनल में 42 गेंदों में 89 रनों की पारी ने उन्हें रातों-रात दुनिया का सबसे खतरनाक बल्लेबाज बना दिया है।
ICC की नामांकन सूची के अन्य सितारे: संजू के अलावा इस सूची में 7 और खिलाड़ियों को जगह मिली है:
- विल जैक्स (इंग्लैंड): 226 रन और 9 विकेट।
- शाहिबजादा फरहान (पाकिस्तान): 383 रन (टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा)।
- लुंगी एनगिडी (दक्षिण अफ्रीका): 12 विकेट।
- एडेन मार्कराम (दक्षिण अफ्रीका): 286 रन।
- रचिन रवींद्र (न्यूजीलैंड): 128 रन और 11 विकेट।
- शैडली वैन शल्कविक (USA): 13 विकेट।
- टिम सीफर्ट (न्यूजीलैंड): 274 रन।
संजू की सबसे बड़ी खूबी उनका कम मैचों में ज्यादा प्रभाव (Impact) डालना रहा है। अगर फाइनल में संजू एक और मैच जिताऊ पारी खेलते हैं, तो वर्ल्ड कप का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बनने का गौरव उन्हें मिल सकता है। पूरे देश की निगाहें अब रविवार को होने वाले महामुकाबले पर टिकी हैं, जहां संजू का बल्ला एक बार फिर गरजने को तैयार है।