‘पीछे मत देखना, वरना अनिष्ट होगा’, ठग साधु की बात मानकर बैंक मैनेजर ने गंवाई सोने की अंगूठी!

कोलकाता के पॉश इलाके न्यू अलीपुर में एक निजी बैंक के सीनियर मैनेजर के साथ ठगी का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक शख्स ने साधु का भेष धरकर आशीर्वाद देने के बहाने बैंक अधिकारी की सोने की अंगूठी पार कर दी। कोलकाता पुलिस की खुफिया विभाग (वॉच सेक्शन) ने एक महीने की कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी राजू कुमार (३५) को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से चोरी की गई अंगूठी भी बरामद कर ली है।
क्या है पूरा मामला? पुलिस के अनुसार, ३ फरवरी की सुबह न्यू अलीपुर के पी-ब्लॉक निवासी अनिर्बान दासगुप्ता के घर के सामने एक साधु आया। उसने बातों ही बातों में अनिर्बान का भरोसा जीत लिया और कहा कि वह उनकी सोने की अंगूठी को ‘सिद्ध’ कर देगा जिससे उनका भाग्य चमक जाएगा। अनिर्बान ने अपनी २.९३ ग्राम की अंगूठी उसे दे दी। इसके बाद साधु ने उन्हें निर्देश दिया कि वे कुछ कदम आगे जाकर खड़े हो जाएं और जब तक पीछे से आवाज न आए, तब तक पीछे मुड़कर न देखें। अनिर्बान काफी देर तक खड़े रहे, लेकिन जब कोई आवाज नहीं आई तो उन्होंने पीछे मुड़कर देखा। वहां न तो कोई साधु था और न ही उनकी अंगूठी।
पुलिस की कार्रवाई: अनिर्बान की शिकायत पर पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। संदिग्ध की पहचान करने के बाद पुलिस ने जाल बिछाया और २ मार्च को राजू कुमार को गिरफ्तार कर लिया। कोलकाता पुलिस के खुफिया प्रमुख रूपेश कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस को संदेह है कि यह एक बड़ा गिरोह हो सकता है जो देवी-देवताओं या साधुओं का भेष धरकर लोगों को ठगता है। पिछले महीने भी कोलकाता पुलिस ने ऐसे ही एक गिरोह का पर्दाफाश किया था जो शिव और काली का रूप धरकर लोगों के मोबाइल और पर्स चोरी करता था।