टी-२० वर्ल्ड कप फाइनल: आंकड़ों में न्यूजीलैंड का पलड़ा भारी, क्या भारत तोड़े पाएगा आईसीसी का ‘कीवी डर’?

टी-२० वर्ल्ड कप २०२६ के फाइनल की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड (IND vs NZ) के बीच खिताबी भिड़ंत होगी। दोनों टीमें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर फाइनल तक पहुंची हैं, लेकिन आंकड़ों की दुनिया में न्यूजीलैंड का पलड़ा थोड़ा भारी नजर आ रहा है।
आईसीसी टूर्नामेंट्स का इतिहास: सफेद गेंद के क्रिकेट (वनडे वर्ल्ड कप, टी-२० वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी) में भारत और न्यूजीलैंड अब तक १७ बार आमने-सामने आए हैं। इनमें से कीवी टीम ने ९ मैच जीते हैं, जबकि टीम इंडिया को ८ मैचों में सफलता मिली है। वहीं, आईसीसी नॉक-आउट मुकाबलों में भी न्यूजीलैंड ३-२ से आगे है।
टी-२० वर्ल्ड कप का सबसे डरावना आंकड़ा: भारतीय समर्थकों के लिए जो आंकड़ा सबसे ज्यादा डराने वाला है, वह है टी-२० वर्ल्ड कप का रिकॉर्ड। इस फॉर्मेट के विश्व कप में भारत अब तक न्यूजीलैंड को एक बार भी नहीं हरा पाया है। दोनों के बीच ३ मुकाबले हुए हैं और तीनों में ही कीवी टीम विजयी रही है।
द्विपक्षीय टी-२० में भारत का दबदबा: राहत की बात यह है कि ओवरऑल टी-२० इंटरनेशनल में भारत का रिकॉर्ड बेहतर है। अब तक खेले गए ३० मैचों में भारत ने १८ बार जीत हासिल की है, जबकि न्यूजीलैंड को ११ बार जीत मिली है। हालांकि, बड़े मैचों में न्यूजीलैंड की मानसिक मजबूती भारत के लिए हमेशा चुनौती रही है। अब देखना यह है कि क्या रविवार को अहमदाबाद के मैदान पर भारतीय टीम इतिहास बदल कर वर्ल्ड चैंपियन बनती है या कीवियों का दबदबा कायम रहता है।