संजू सैमसन का जलवा! टी-20 वर्ल्ड कप के ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ की रेस में इकलौते भारतीय

रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले आईसीसी ने टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (Player of the Tournament) के लिए 8 दावेदारों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में भारत की ओर से एकमात्र नाम विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन का है। सैमसन ने टूर्नामेंट के शुरुआती मैचों में बाहर बैठने के बावजूद सुपर आठ और सेमीफाइनल में अपने विस्फोटक प्रदर्शन से दुनिया को हैरान कर दिया है।
आईसीसी की इस लिस्ट में इंग्लैंड के विल जैक्स, पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान, दक्षिण अफ्रीका के लुंगी एनगिडी और एडेन मार्कराम, न्यूजीलैंड के रचिन रवींद्र और टिम सीफर्ट, और अमेरिका के गेंदबाज शैडली वान शल्कविक शामिल हैं। संजू सैमसन ने मात्र 4 पारियों में 201.73 के अविश्वसनीय स्ट्राइक रेट से 232 रन बनाए हैं। सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ उनकी 42 गेंदों में 89 रनों की पारी ने भारत की जीत सुनिश्चित की थी। वहीं, पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान ने दो शतकों के साथ 383 रन बनाकर सबको प्रभावित किया है। न्यूजीलैंड के रचिन रवींद्र ने गेंद और बल्ले दोनों से कमाल दिखाते हुए अपनी टीम को फाइनल में पहुँचाया है। गेंदबाजों में अमेरिका के शैडली वान शल्कविक ने केवल 4 मैचों में 13 विकेट लेकर सनसनी मचा दी है।