व्हाइट हाउस में मेसी के सामने रोनाल्डो का गुणगान! ट्रंप की बातों से असहज हुए लियोनेल मेसी

फुटबॉल के मैदान की सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्विता उस समय व्हाइट हाउस पहुंच गई, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इंटर मियामी के सम्मान समारोह में लियोनेल मेसी के सामने क्रिस्टियानो रोनाल्डो की तारीफ कर दी। 2025 एमएलएस कप जीतने के बाद इंटर मियामी की पूरी टीम राष्ट्रपति ट्रंप से मिलने पहुंची थी। इसी दौरान ट्रंप ने कुछ ऐसा कह दिया जिससे मेसी थोड़े असहज नजर आए और अब यह वीडियो पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बना हुआ है।
समारोह के दौरान ट्रंप ने कहा, “मेरे बेटे बैरन ने मुझसे पूछा था कि क्या मुझे पता है कि आज कौन आ रहा है। वह मेसी का बहुत बड़ा प्रशंसक है। लेकिन मेसी के साथ एक और नाम है—क्रिस्टियानो रोनाल्डो। मेसी और रोनाल्डो, आप दोनों ही सच्चे चैंपियन हैं और जानते हैं कि अपना काम बखूबी कैसे करना है।” मेसी, जिन्होंने अपनी जादुई कप्तानी और दो असिस्ट की बदौलत मियामी को वैंकूवर एफसी के खिलाफ 3-1 से जीत दिलाकर इतिहास रचा था, उनके लिए अपनी ही जीत के जश्न में रोनाल्डो का नाम सुनना काफी अजीब था। हालांकि मेसी ने मुस्कुराते हुए स्थिति को संभाला, लेकिन उनके चेहरे पर हल्की नाराजगी साफ देखी जा सकती थी। मेसी के प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर ट्रंप की आलोचना करते हुए कहा कि मियामी की सफलता के जश्न में रोनाल्डो का जिक्र पूरी तरह से अप्रासंगिक और अनावश्यक था।