आज रात कोलकाता पहुंचेगी चुनाव आयोग की फुल बेंच! कल से मैराथन बैठकों का दौर, क्या जल्द होगा चुनाव का ऐलान?

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव 2026 की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में चुनाव आयोग की फुल बेंच आज यानी रविवार रात को कोलकाता पहुंच रही है। रात करीब 10 बजे राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल और स्पेशल रोल ऑब्जर्वर सुब्रत गुप्ता के साथ आयोग की पहली बैठक होगी।
क्या है आयोग का कार्यक्रम? सोमवार सुबह 10 बजे से आयोग विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा करेगा। इसके बाद दोपहर 1-बजे से सभी जिलों के जिलाधिकारियों (DM), पुलिस अधीक्षकों (SP) और पुलिस आयुक्तों (CP) के साथ कानून-व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी। मंगलवार को मुख्य सचिव और डीजीपी के साथ अंतिम दौर की बातचीत होगी। आयोग यह सुनिश्चित करना चाहता है कि चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी हों।
वोटर लिस्ट पर मचा घमासान: बंगाल में इस समय ‘SIR’ (स्टैंडर्ड इंस्पेक्शन रिपोर्ट) पद्धति के जरिए लाखों वोटरों के नाम हटाए जाने को लेकर राजनीति गरमाई हुई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी धर्मतला में धरने पर बैठी हैं। हालांकि, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने स्पष्ट किया है कि यह प्रक्रिया केवल पात्र मतदाताओं की पहचान के लिए है। आयोग की इस यात्रा के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि चुनाव की तारीखों का ऐलान जल्द ही किया जा सकता है।