कर्नाटक के बल्लारी में दिल दहला देने वाली वारदात, रॉड से लैस छात्र ने मचाया उत्पात, एक साथी की मौत

कर्नाटक के बल्लारी जिले के एक हॉस्टल में शनिवार देर रात हुई एक भयावह घटना ने सबको झकझोर कर रख दिया है। रात के खाने के बाद जब सभी छात्र सो रहे थे, तभी 9वीं कक्षा के एक छात्र ने लोहे की रॉड लेकर अपने साथियों पर अचानक हमला कर दिया। इस बर्बर हमले में एक छात्र हेमंत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वार्डन समेत 7 छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, आधी रात के करीब अचानक हॉस्टल में चीख-पुकार मच गई। हमलावर छात्र ने एक-एक कर अपने सोए हुए सहपाठियों को निशाना बनाया। वार्डन ने जब बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो उसे भी नहीं बख्शा गया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। मृतक हेमंत आंध्र प्रदेश के अडावनी जिले का रहने वाला था।

घटना की जानकारी मिलते ही बल्लारी के आईजीपी पी.एस. हर्ष और एसपी सुमन डी. पन्नेकर अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हॉस्टल प्रशासन की लापरवाही की भी जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि छात्र ने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया। आरोपी की तलाश जारी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *